नई दिल्ली- आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने अपनी ब्रांड एंबेसडर डॉ दीपा मलिक के साथ नागरिक सहभागिता और कचरे को अलग करने तथा एकल उपयोग वाली प्लास्टिक को ना कहने के लिए व्यवहार में बदलाव के बारे में उनकी प्रेरणा के लिए एक इंटरेक्टिव वर्चुअल कार्यशाला का आयोजन किया। डॉ. दीपा मलिक ने कहा कि पालिका परिषद क्षेत्र भारत का दर्पण है और विश्व स्तर पर भारत की छवि को दर्शाता है, इसीलिए यहां के नागरिकों और आगंतुकों द्वारा इस क्षेत्र को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की महतवपूर्ण जिम्मेदारी है जो और अधिक बढ़ जाती है।

उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के लिए नागरिकों को प्रेरित किया और कहा कि यह कचरे को अलग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहने की आदतों को दिन-प्रतिदिन की जीवनशेली में अपनाकर नई दिल्ली क्षेत्र की स्वच्छता में सुधार करने के लिए एक प्रतियोगिता है। डॉ. दीपा मलिक ने नई दिल्ली क्षेत्र के सभी नागरिकों और आगंतुकों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में 7 स्टार रैंकिंग प्राप्त करने के लिए अच्छी आदतों को अपनाने के बारे में व्यवहार परिवर्तन की अपील की। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में सूक्ष्म स्तर पर कचरे के सर्वोत्तम प्रबंधन के मुद्दे पर प्रतिभागियों के साथ बातचीत की। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष धर्मेंद्र ने पालिका परिषद द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में उच्चतम बेंचमार्क प्राप्त करने के लिए ब्रांड एंबेसडर बनने के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए डॉ दीपा मलिक को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली दिल्ली का एक ऐसा हिस्सा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की नागरिको को अपनी सेवाएं प्रदान करता है और हर बार दुनिया में उपलब्ध सर्वोत्तम सेवाओं द्वारा इसे बेहतर बनाने का प्रयास करती है।