नई दिल्ली- केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि नौकरशाहों को सेवाओं की प्रभावी आपूर्ति के लिए नई शासन व्यवस्थ में नागरिक-मित्र बनना होगा। यहां विज्ञान भवन में 15 वें सिविल सेवा दिवस समारोह का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि यह गंभीर आत्मावलोकन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है कि कैसे हमें शासन में और सुधार लाने के लिए आगे बढऩा है। केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने कहा, सिविल सेवाएं आम आदमी के प्रति समर्पित हैं और यही उनका आखिर लक्ष्य है। मैं समझता हूं कि नागरिक-मित्र बनने के सिवा हमारे पास और कोई विकल्प नहीं है। चूंकि मैं वह वक्त देख सकता हूं जब नागरिक शासन का एक बड़ा हिस्सा अपने हाथ में लेने जा रहे हैं। अधिकतम शासन एवं न्यूनतम सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, सिविल सेवा दिवस का सच्चा अर्थ आम आदमी के प्रति समर्पण है और हर नौकरशाह को आम लोगों के जीवन में अहम सुधार लाने का दृढ़ निश्चय करना चाहिए।सिविल सेवा दिवस, 2022 के लिए थीम भारत दिशादृष्टि 2047 – प्रशासन, नागरिकों तथा सरकार को करीब लाना पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि इतने सालों के दौरान आम आदमी की आकांक्षाएं बढ़ गई हैं तथा नौकरशाहों को आपूर्ति पर स्पष्ट रूप से बल देते हुए भविष्य की अपनी भूमिका पर गंभीर आत्मावलोकन करना होगा।
