नई दिल्ली- आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर पूरी दिल्ली में मुफ्त में होर्डिंग्स लगाने का आरोप लगाया ैहै। उनका कहना है कि भाजपा ने एमसीडी को करोड़ों का किराया नहीं दिया है। इसलिए राजस्व ने आने के कारण एमसीडी कंगाल रहती है। आप प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में एक होर्डिंग की साइट का किराया 1-1.5 लाख रुपए महीना है, इस अनुसार प्रति वर्ष एक होर्डिंग का किराया 2680 करोड़ रुपया बनता है, जो निगम को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में एमसीडी से पूछा गया कि क्या दिल्ली भाजपा के होर्डिंग्स का किराया लिया जाता है, तो निगम के कमिश्नर ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। उल्टा कल साउथ एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में एक प्रस्ताव लगाया गया कि विधानसभा को किसी भी प्रश्न का जवाब नहीं दिया जाए, यानी यह चोर की दाढ़ी में तिनका है। यदि भाजपा ने दिल्ली भर में होर्डिंग लगाने के करोड़ों रुपयों का किराया निगम को दिया है तो वह बताए कि कितना पैसा दिया है।
भारद्वाज ने कहा कि तीनों निगमों के कमिश्नर ने यह जवाब दिया कि हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है। इसका मतलब यह है कि पूरी दिल्ली में भाजपा के होर्डिंग्स लगे हुए हैं और आज से नहीं पिछले 5 सालों से लगे हुए हैं। चाहे वह प्रधानमंत्री के होर्डिंग्स हों, दिल्ली भाजपा के मेयरों के होर्डिंग्स हों, भाजपा के पार्षदों या नेताओं के होर्डिंग्स हों, उनके होर्डिंग्स से पूरी दिल्ली पटी रहती है। दिल्ली में एक-एक होर्डिंग की साइट का किराया 1-1.5 लाख रुपए महीना है। एक साधारण सा सवाल पूछा गया कि क्या इसका किराया लिया जाता है तो कमिश्नर ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। आप नेता ने भाजपा से सवाल किया कि बताएं कि दिल्ली निगम को भाजपा ने होर्डिंग्स का कितना पैसा दिया है। दिल्ली भाजपा के पार्षदों ने एमसीडी को कितना पैसा दिया जिसके कारण उनके होर्डिंग्स लगे।