नई दिल्ली- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत और वियतनाम के बीच चार नए हवाई सेवा मार्गों का उद्घाटन किया। बिरला एक भारतीय संसदीय शिष्टमंडल के साथ तीन दिवसीय यात्रा पर वियतनाम गए हैं। लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, बिरला और वियतनाम की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष वुओंग दिन्ह ह्यू ने उड़ान सेवा बहाल की और नए मार्गों पर हवाई सेवाओं की शुरूआत भी की।बयान के अनुसार, कोविड-19 से पहले वियतनाम की एयरलाइंस वियतजेट हनोई और हो चिन मिन्ह सिटी से नई दिल्ली के लिए नियमित उड़ानों का संचालन कर रही थी। बौद्ध आध्यात्मिक केंद्र बोधगया के लिए भी चार्टर्ड उड़ानों का संचालन किया जा रहा था। लेकिन महामारी फैलने के बाद से यह सेवाएं स्थगित थीं। बिरला की यात्रा के दौरान मंगलवार को इन उड़ानों को फिर से बहाल किया गया है। हो ची मिन्ह सिटी तथा हनोई और नई दिल्ली के बीच दो मौजूदा सेवाएं 29 अप्रैल और 30 अप्रैल को फिर से शुरू होंगी। इस बयान के अनुसार, इसके अलावा चार नए मार्ग हनोई-मुंबई, मिन्ह सिटी-मुंबई और फुक्वोक के दक्षिणी रिसॉर्ट द्वीप को नई दिल्ली और मुंबई से जोड़ेंगे।
