नई दिल्ली-दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने तापमान के बढऩे से मच्छरों के प्रजनन के लिए उपयुक्त वातावरण होने के कारण एवं मच्छरजनित बीमारियों में वृद्धि की आशंका को देखते हुए मच्छरों के प्रजनन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया। दक्षिणी निगम ने अभियान के दौरान मच्छरों का प्रजनन पाए जाने पर 144 लीगल नोटिस जारी किए। इसी क्रम में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने जलाशयों एवं बड़े नालों के किनारों पर क्यूलेक्स मच्छर के प्रजनन की जांच की। दक्षिणी निगम के पश्चिमी एवं नजफगढ़ क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एनजी कट नाले एवं नजफगढ़ नाले में बड़ी संख्या में क्यूलेक्स मच्छर का प्रजनन पाया गया,जिसके चलते दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता को पिछले दो माह में 22 अभियोग जारी किए गए। दक्षिणी क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में भारतीय पुरातत्व विभाग के अंतर्गत कुतुबमीनार परिसर में स्थित शमसी तालाब, इग्नू कैंपस, आईआईटी दिल्ली कैंपस, सीपीडब्ल्यूडी के स्वामित्व वाले एनसीईआरटी कैंपस, जेएनयू कैंपस एवं दिल्ली जल बोर्ड के ग्रेटर कैलाश-1 एवं एनआरआई कॉलोनी स्थित पंप हाउस को भी मच्छरों के प्रजनन पाए जाने पर लीगल नोटिस जारी किया गया। नजफगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के स्वामित्व वाले कापसहेडा नालेए घुम्मनहेड़ा स्थित तीन तालाबों, डाबड़ी नाले, रोशन गार्डन नाले में मच्छरों का प्रजनन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। मध्य क्षेत्र में राजघाट नाले एवं दिल्ली जल बोर्ड के जलाशय में मच्छरों का प्रजनन पाए जाने पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता एवं दिल्ली जल बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता को कानूनी नोटिस दिए गए। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने नालियों,जलाशयों, दलदलों एवं निर्माण स्थलों पर एक सप्ताह का विशेष गहन लार्वारोधी अभियान चलाया, जिसके अंतर्गत उपरोक्त स्थानों पर लार्वारोधी दवा का छिडक़ाव किया गया। दक्षिणी निगम ने इससे पहले सभी नालों, संस्थानों एवं निर्माण स्थलों पर जांच अभियान चलाया जिसमे पाया गया कि नालों एवं जलाशयों की डिसिल्टिंग एवं हाइसिंथ तैरती सामग्री को साफ करने के लिए जिम्मेदार एजेंसी द्वारा उपरोक्त कार्य पूरा नहीं किया गया था। जांच अभियान के दौरान नालों एवं जलाशयों के किनारों पर जगह-जगह क्यूलेक्स मच्छर का प्रजनन भी पाया गया जिसके चलते दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई की।