मुंबई- पुलिस ने दक्षिण मुंबई में आंगडय़िों और उनके कर्मचारियों से कथित रूप से लूटपाट करने और पैसे वसूलने के आरोप में शनिवार को तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने इस मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन कदम और उप निरीक्षक समाधान जामदादे को गिरफ्तार किया है, जबकि लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस थाने के निरीक्षक ओम वांगटे एक वांछित आरोपी है। उन्होंने बताया कि पुलिस को उनके बारे में कई शिकायतें मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण) दिलीप सावंत द्वारा दर्ज कराई गई एक शिकायत के आधार पर आरोपी अधिकारियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को सात दिसंबर, 2021 को इस संबंध में आंगडय़िा एसोसिएशन ऑफ भुलेश्वर से शिकायतें मिली थीं। आंगडय़िा शुल्क लेकर धन, हीरे और आभूषण स्थानांतरित करने के लिए कूरियर सेवाएं प्रदान करते हैं।पुलिस अधिकारी ने कहा कि एसोसिएशन ने आरोप लगाया था कि आरोपी पुलिसकर्मियों ने आंगडिय़ों और उनके कर्मचारियों को मुंबादेवी चौकी ले जाकर उनसे जबरन वसूली की थी। उन्होंने कहा कि जांच में पता चला कि 2, 3, 4 और 6 दिसंबर को आरोपियों ने एक आंगडय़िा व्यवसाई और उसके कर्मचारी को रोका और उनसे जबरन वसूली की। लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस थाने में धारा 392, 384, 341, और 34 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद यह मामला पुलिस की अपराध शाखा की अपराध खुफिया इकाई (सीआईयू) को स्थानांतरित कर दिया गया, जिसने सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन कदम और उप निरीक्षक समाधान जामदादे को गिरफ्तार कर लिया।