नई दिल्ली- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी राजेन्द्र नगर विधानसभा की संगठन मंत्री, महिला एवं बाल विकास दिल्ली सरकार विधायक प्रतिनिधि एवं मुख्यमंत्री प्रतिनिधि ममता कोचर, पूर्व विधायक विजेन्द्र गर्ग के बड़े भाई और इंद्रपुरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष विनोद गर्ग एवं डीसीपीसीआर की पूर्व सदस्या सोनिया सचदेवा सहित आम आदमी पार्टी के दर्जनों नेता भाजपा परिवार में शामिल हुए। आदेश गुप्ता ने पटका पहनाकर आम आदमी पार्टी के नेताओं को भाजपा परिवार में शामिल करते हुए कहा कि आज आम आदमी पार्टी से राजेन्द्र नगर की जनता को ही नहीं बल्कि पूरी दिल्ली को निराशा है। लेकिन साथ ही उनके पदाधिकारियों को भी निराशा है क्योंकि आप सरकार ने पिछले सात सालों से जितने भी वायदें किए उन्हें पूरा नहीं किया। आदेश गुप्ता ने कहा कि आज भाजपा में शामिल होने वाले आप नेता बड़ी उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी में गए थे। लेकिन आम आदमी पार्टी वैसी पार्टी है जिसे जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। इसलिए जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए आप नेता आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया हैं। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र नगर ही नहीं बल्कि दिल्ली भर में सडक़े टूटी पड़ी हैं, विकास कार्य हुआ नहीं और यही कारण है कि आज राजेन्द्र नगर की जनता के समर्थन से हम उपचुनाव जीतने वाले हैं। राजेन्द्र नगर की जनता के उम्मीदों पर हम खरा उतरेंगे। राजेन्द्र नगर के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि 90 दिनों के अंदर नारायणा और इंद्रपुरी के बीच में रेलवे ब्रिज की समस्या को खत्म कर देंगे। साथ ही किराएदारों को जो नया बिजली मीटर लगाने की बात कही गई थी, उसकी भी लढ़ाई हम लड़ेंगे। राजेन्द्र नगर विधानसभा प्रभारी और विधायक अजय महावर ने कहा कि राजेन्द्र नगर विधानसभा का चुनाव आदेश गुप्ता के नेतृत्व में हम जीतने में कामयाब होंगे। आप विधायक राघव चढ्ढा ने अपने कार्यकाल के दौरान कभी भी आम जनता से मिलने की कोशिश नहीं की। इसलिए वे क्षेत्र में ना वोट मांगने गए और नामांकन के दिन भी मुंह छुपाकर आए जिसके बाद जनता ने उन्हें भगा दिया। लोगों का कहना है कि हमें ग्राउंड लेवल पर काम करने वाला नेता चाहिए, हमें हाई प्रोफाइल वाला नेता नहीं चाहिए। इसलिए वे भाजपा उम्मीदवार राजेश भाटिया को जीताने का मन बना चुके हैं।