नई दिल्ली- उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पुलिस की सहायता से जहांगीर पुरी क्षेत्र से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान फुटपाथ पर बने अस्थायी खोखे व छप्पर को 7 जेसीबी बुलडोजर की सहायता से हटाया गया। अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान निगम द्वारा 8 ट्रक और 4 मिनी टाटा ट्रक को तैनात किया गया था। इसके साथ ही 70-80 कर्मचारी व निगम के अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान कुशल सिनेमा के पास लगभग 2 किलोमीटर वर्ग मीटर सडक़ को अतिक्रमण मुक्त किया गया, 25 वस्तुओं को जब्त किया गया और 20 टन कूड़ा हटाया गया । यह कार्रवाई सिविल लाईंन क्षेत्र के लाइसेंसिंग विभाग, अभियांत्रिक विभाग एंव स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त दल के रूप में की गई थी। उपरोक्त कार्रवाई यातायात सुगम बनाने और पैदल मार्ग से अतिक्रमण हटाने का एक प्रयास है। इसके अतिरिक्त जहांगीर पुरी क्षेत्र में फरवरी के महीने में दो बार 2 और 17 फरवरी 2022 और अप्रैल के महीने एक बार में यानी 11 अप्रैल 2022 को अवैध कब्जे को हटाने के लिए अतिक्रमण अभियान चलाए गए थे। 2 फरवरी 2022 को प्रयास से कुशल सिनेमा रोड और आसपास के क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान लगभग 1850 वर्गमीटर अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया और 3 वस्तुओं को जब्त किया गया था। 17 फरवरी 2022 को बीसी ब्लॉक जहांगीर पुरी और आसपास के क्षेत्र में लगभग 1500 वर्गमीटर क्षेत्र से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया और 15 वस्तुओं को जब्त किया गया। बीसी ब्लॉक जहांगीर पुरी और आसपास के क्षेत्र से 11 अप्रैल 2022 को अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान लगभग 1800 वर्गमीटर क्षेत्र से अस्थाई अतिक्रमण हटाया गया और 13 वस्तुओं को जब्त किया गया। सार्वजनिक सडक़ों पर इस तरह के अतिक्रमण हटाने के अभियान स्थानीय पुलिस को पूर्व सूचना के साथ एमसीडी अधिनियम,1957 की धारा 321,322,323,325 के तहत निगम द्वारा सभी वार्डों जोनों में नियमित रूप से नोटिस बिना नोटिस के नियमित रूप से किए जाते हैं। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान उत्तरी दिल्ली नगर निगम की एक नियमित प्रक्रिया है। आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि जनवरी माह के दौरान लगभग 55, फरवरी. में 62, मार्च में 52 और अप्रैल में लगभग 40 अतिक्रमण अभियान उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों चलाए गए है।
