नई दिल्ली- नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने कला और संस्कृति को कलादीर्घा से बाहर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य के अंतर्गत कनॉट प्लेस के जनपथ सबवे में एक सामूहिक कला प्रदर्शनी का आयोजन दो सप्ताह के लिए किया । इस कला प्रदर्शनी का अवलोकन पालिका परिषद के अध्यक्ष धर्मेन्द्र ने किया, इस अवसर पर उनके साथ पालिका परिषद की सचिव ईशा खोसला और वित्तीय सलाहकार पुष्कल उपाध्याय भी थे। इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने उपरांत पालिका परिषद के अध्यक्ष धर्मेन्द्र ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष का जश्न मनाने का अर्थ है हमारे जीवन और धारणा के हर पहलू में हमारी प्रगति और उन्नति का जश्न मनाना। कला एक सर्वव्यापी धारणा है, जो मानव मन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कलाकार एक विकासशील देश के विकास और समृद्धि की मूल स्थिति को दर्शाते हुए रचनात्मक प्रभाव को विविध श्रेणी प्रदान करते हैं। स्वतंत्रता का जश्न मनाने के एक हिस्से के रूप में इस तरह के कला कार्यक्रम का आयोजन, कलाकारों द्वारा रचनात्मक उपलब्धि की विशेषता,बढ़ते भारत, भारत के विस्तार और भारत को सही रूप में प्रस्तुत करने के विचार का प्रतिनिधित्व करता है। इस सामूहिक प्रदर्शनी में न केवल दिल्ली से बल्कि पूरे देश से 75 समकालीन वरिष्ठ कलाकार, कला छात्र पेंटिंग्स, ड्रॉइंग और मूर्तियों के रूप में अपने 250 रचनाओं,क्रिएटिव के साथ भाग ले रहे हैं। आम जनता के लिए 11 अप्रैल से 25 अप्रैल, 2022 तक कनॉट प्लेस बाहरी सर्कल के जनपथ सबवे में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई दिल्ली नगर परिषद द्वारा इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसको 25 अप्रैल, 2022 तक नि:शुल्क प्रवेश के आधार पर पूर्वाह्न 11 बजे से सायं 8 बजे तक देखा जा सकेगा।