नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा के लिए 23 जून को होने वाले उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश भाटिया ने प्रात: न्यू राजेन्द्र नगर के ब्लाक ए से जी तक सघन जनसंपर्क किया। मध्यमवर्गी,इस कॉलोनी में लोगों का राजेश भाटिया के प्रति उत्साह देखते बनता था और अनेक स्थानों पर लोगों ने भाटिया का भव्य अभिनंदन किया। मंडल अध्यक्ष संजीव सिंहल एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क पदयात्रा में सम्मलित हुए। सांयकाल के प्रचार में भाटिया ने नारायणा,नारायणा विहार, इन्द्रपुरी, न्यू राजेन्द्र नगर में सभाओं के माध्यम से क्षेत्र के नागरिक एवं सामाजिक संगठनों से संवाद किया। राजेश भाटिया ने लोगों को अपने पार्षद काल की उपलब्धियों का स्मरण कराते हुए अपना जनसेवा का संकल्प दोहराया और कहा की मेरे विधायक बनने के एक वर्ष के भीतर राजेन्द्र नगर दिल्ली का सर्वोत्तम क्षेत्र बनेगा। भाजपा के सघन चुनाव प्रचार के बीच दोपहर केन्द्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे और स्थानीय लोगों को नारायणा को श्मशान घाट से जोडऩे वाले ओवरब्रिज के उपयोग पर लगे प्रतिबंध से हो रही समस्या को समझा और उसके जल्द निवारण का आश्वासन दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राजेश भाटिया को जिताने के लिए अगले 5 दिन समर्पित करने की अपील की। भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र में 11 बड़ी नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जिन्हे केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं मीनाक्षी लेखी,दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अलका गुर्जर, सांसद मनोज तिवारी एवं गौतम गंभीर, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, अजय महावर,जितेन्द्र महाजन एवं अभय वर्मा और वरिष्ठ नेता पवन शर्मा एवं हर्ष मल्होत्रा ने संबोधित कर स्थानीय लोगों से उपचुनाव में भाजपा को सफल बनाने की अपील की। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश के कोने कोने में आज केन्द्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना,मुद्रा लोन योजना,जहां झुग्गी वहां मकान योजना, आवास योजना, अटल बीमा जैसे योजनाओं का लाभ जनता को खासकर गरीबों को मिल रहा है पर राजनीतिक द्वेष से दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार इन्हे दिल्ली में लागू नही कर रही जिससे जनता परेशान है।