नई दिल्ली- बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके उद्यमी पति आनंद आहूजा ने अपने नई दिल्ली स्थित आवास से 2.4 करोड़ रुपए की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त नई दिल्ली अम्रुता गुगुलोथ ने कहा कि दंपति ने 23 फरवरी को अमृता शेरगिल मार्ग पर स्थित अपने मकान में चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोनम और उनके पति ने शिकायत की थी कि उनके घर से 2.4 करोड़ रुपए की कुछ नकदी और आभूषण चोरी हो गए हैं। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि दंपति को चोरी के बारे में 11 फरवरी को पता चला था, लेकिन उन्होंने 23 फरवरी को पुलिस से इसकी शिकायत की। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक टीमों का गठन कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है।
