फरीदाबाद- शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने यहां 36वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का भ्रमण किया। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के भ्रमण पर आए विदेशी मेहमानों का सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एम डी सिन्हा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इन देशों से आए प्रतिनिधियों ने न केवल अपने देश की कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन किया बल्कि दुनियाभर की सांस्कृतिक विरासत भी देखी। ए प्रतिनिधि सभी एससीओ स्टाल पर भी गए। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के स्टाल पर मेहमानों के साथ सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सिन्हा ने भी अरबी चाय का जायका लिया।मेले में दुनियाभर की विभिन्न सांस्कृतिक झलक देखकर एससीओ के प्रतिनिधि उत्साहित नजर आए। इन प्रतिनिधियों ने मेले में खरीदारी भी की। इसके अलावा मेले में सांस्कृतिक संध्या शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के नाम रही। विभिन्न देशों से आए कलाकारों ने अलग-अलग सांस्कृतिक भाव व रंगों से मंच को गुलजार कर दिया। सहायक नोडल अधिकारी हरविंदर सिंह यादव ने बताया कि एससीओ के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का भारतीय परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया और उन्हें पूरे मेले परिसर का भ्रमण कराया गया।