नई दिल्ली- केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि आज हम अगर अपने कर्मों से देश की सेवा करते हैं, तो यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी उन सभी शहीद वीर सपूतों को जो देश के लिए अपनी जान की भी बाजी लगा दी। शहीदी दिवस के अवसर पर गौरी शंकर मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद होते हुए टाउन हॉल चांदनी चौक तक निकाली गई प्रभात फेरी में बुधवार को लेखी ने कहा कि देश के वीर जवानों के लिए कुछ करना हो तो वह कोई भी काम हो सकता है जो देशहित में हो, चाहे वह देश के बारे में गलत बोलने वालों को चुप कराने का काम हो या फिर भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का काम हो। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि जब युवा अवस्था में भगत सिंह ने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया तो उस वक्त उन्होंने कहा था कि इंकलाब कभी बम-बन्दूकों से नहीं आता है बल्कि वह हमारे विचारों से आता है। इसलिए आप अपने विचारों को बदलें। उन्होंने कहा कि आज हम ऐसा कर्तव्य करें ताकि देश हमें हमारे कामों के लिए याद रखें। आज शहीदी दिवस में निकाली गई प्रभात फेरी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, गांधी स्मृति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित अन्य प्रदेश पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी मौजूद थे।