नई दिल्ली-किसान पुत्र जगदीश धनखड़ को देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाए जाने पर दिल्ली हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के सैकड़ों किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद किया। बड़ी संख्या में किसानों ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पगड़ी और फूलमाला पहनाकर अभिनंदन किया। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजकुमार चहार,दिल्ली विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत चहल और दिल्ली प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनोद सहरावत के साथ सैकड़ों किसान भाजपा मुख्यालय पहुंचे और पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट किया। सैकड़ों किसान ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में भाजपा मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने फूल बरसाकर नड्डा का अभिनंदन किया। नड्डा ने कहा कि धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने एक बार फिर साबित किया है कि सभी वर्गों का उत्थान करना केवल भाजपा नेतृत्व की ही सोच है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू का चयन भी यही दर्शाता है। वे एक सामान्य आदिवासी परिवार से आई सरल महिला हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष तौर पर धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के इन फैसलों से देश के किसानों के साथ-साथ महिलाओं,गरीबों,मजदूरों और हर सामान्य व्यक्ति का सम्मान बढ़ा है। पूरा देश इन फैसलों से गौरवान्वित महसूस कर रहा है। किसानों ने नड्डा का पुन आभार प्रकट करते हुए कहा कि सभी देशवासियों को विश्वास है कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश इसी प्रकार प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होगा।