नई दिल्ली- सरकार ने नियमों की धज्जियां उड़ाकर निजी विद्यालयों में लाखों रुपए फीस बढ़ाई जा रही है जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ डालने का काम किया जा रहा है। फीस भरने में असमर्थ अभिभावकों के बच्चों को निजी विद्यालयों से टर्मिनेशन लेटर तक मिल रहा है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कही। फीस बढ़ोतरी को लेकर भाजपा एवं दिल्ली अभिभावक संघ द्वारा डीपीएस के बाहर विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि फीस को लेकर केजरीवाल सरकार का दोहरा चरित्र सबके सामने उजागर हो चुका है। एक तरफ अभिभावकों को केजरीवाल सरकार की ओर से झूठा आश्वासन दिया जाता है कि हमने फीस नहीं बढ़ाई, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया निजी विद्यालयों के प्रबंधकों से दोस्ती कर फीस बढ़ाने की सलाह इस अश्वासन के साथ देते हैं कि इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। आदेश गुप्ता ने कहा कि फीस बढ़ोतरी को लेकर हजारों अभिभावकों ने दिल्ली शिक्षा निदेशक एवं शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया तक को पत्र लिखा, लेकिन उसपर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके बाद परेशान होकर अभिभावक बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं। उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं है, बल्कि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसके पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा दिल्ली के अभिभावकों एवं नागरिकों के साथ खड़ी है और जब तक बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली जाती अभिभावकों के हितों के लिए हम लड़ते रहेंगे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राजन तिवारी, प्रदेश मीडिया रिलेशन विभाग के प्रभारी हरीश खुराना, प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख हरिहर रघुवंशी, दिल्ली अभिभावक संघ की अध्यक्षा अपराजिता गौतम, जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा सहित अन्य अभिभावक उपस्थित थे।
