जयपुर- भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा कई कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को यहां आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। कटारा ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कहा कि वह अरविंद केजरीवाल की योजनाओं और उनकी ईमानदारी से प्रभावित होकर प्रदेश व देश हित में आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे रहे हैं। भाजपा छोडऩे के सवाल पर कटारा ने कहा, भाजपा ने डूंगरपुर के आदिवासियों को गालियां दी हैं और उन्हें नक्सली तक बताया है। हम तो जनता जनार्दन के साथ हैं और हमेशा रहेंगे। उल्लेखनीय है कि कटारा 2013 से 2018 तक डूंगरपुर से भाजपा के विधायक रहे हैं।आप के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी में ही वो दम है, जिसने पूरे देश में मोदी अडानी के गठबंधन का पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी आम आदमी की आवाज बनकर निरंतर आगे बढ़ रही है। राजस्थान में भी वह आगामी चुनाव में अभूतपूर्व प्रदर्शन करने जा रही है।