नई दिल्ली-भाजपा शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में कई अवैध ढांचों को ढहाने के एक दिन बाद पार्टी की दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि वह पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के महापौरों को भी उनके क्षेत्रों में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को जमींदोज करने के लिए, इसी तरह का अभियान चलाने के लिए पत्र लिखेंगे।जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान क्षेत्र में हिंसा भडक़ने के बाद गुप्ता ने उत्तर दिल्ली नगर निगम को पत्र लिखा था, जिसके बाद निगम ने इलाके में अवैध अतिक्रमण को गिराने के लिए एक अभियान चलाया। हालांकि, उच्चतम न्यायालय के यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश पर डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान को रोक दिया गया था। गुप्ता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया, मैं दक्षिण और पूर्वी एमसीडी के महापौरों को वहां रहने वाले बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए भी पत्र लिखने जा रहा हूं। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि वे जहांगीरपुरी में दंगाइयों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद दोनों समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे पर हिंसा भडक़ाने का आरोप लगाया। इस झड़प के दौरान कम से कम नौ लोग घायल हो गए, जिनमें आठ पुलिसकर्मी थे। भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस और वामपंथी नेता दंगाइयों को खुश करने के लिए जहांगीरपुरी गए हैं। मुझे यह भी पता चला है कि ममता बनर्जी भी उनसे मिलने आ रही हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि आप विधायक और पार्षद अपने क्षेत्रों में रोहिंग्याओं और बांग्लादेशियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने के लिए उनका समर्थन कर रहे हैं।
