नई दिल्ली- बाबा साहब अम्बेडकर का जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। भारतीय संबिधान में उन्होंने हर वर्ग के हितों का ख्याल रखा। दिल्ली सरकार के सामाजिक कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने यह बात कही। वे द्वारका के इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी में डॉक्टर बी. आर. अम्बेडकर की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नईं पीढ़ी को यह जान कर हैरानी होगी कि मातृत्व अवकाश, न्यूनतम वेतन, भूमि सुधार जैसी योजनाओं की परिकल्पना का श्रेय बाबा साहब अम्बेडकर को ही जाता है। यूनिवर्सिटी के कुलसचिव शैलेंद्र सिंह परिहार ने इस अवसर पर कहा कि उनकी विचारधारा को पुष्पित करने की जरूरत है तभी समाज के हर वर्ग के लोगों का कल्याण हो सकेगा। उन्होंने यह भी भी कहा कि यूनिवर्सिटी अपनी स्थापना की रजत जयंती मनाने जा रही है। इसके मद्देनजर साल भर विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बाबा साहब अम्बेडकर को भी उसमें जगह दिया जाएगा। दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रो. सुकुमार ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय संबिधान हमारा सबसे महत्वपूर्ण मार्गदर्शक है। यूनिवर्सिटी के विदेशी मामलों के निदेशालय की निदेशक प्रो. विजिता सिंह अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि सिर्फ जयंती पर ही नहीं, बाबा साहब अम्बेडकर को पूरे साल याद करने की जरूरत है।
