लखनऊ-समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एक कंपनी बन गई है जो बढ़ी हुई लागत जनता से वसूल रही है। यादव ने ट्वीट किया, आज के महँगाई के दौर में कंपनियां बढ़ती हुई लागत जनता से वसूल रही हैं पर अपना मुनाफा कम नहीं कर रही हैं। लोकतंत्र में सरकार की भूमिका राज करने की नहीं बल्कि ऐसी नीतियां बनाने की होती है जो जनहित में हों, ताकि कोई जनता का शोषण-उत्पीडऩ न कर सके। भाजपा एक कम्पनी बन गई है। यादव ने अपने ट्वीट के साथ एक मीडिया रिपोर्ट भी टैग की। गौरतलब है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। बीते दो सप्ताह में कीमतों में कुल 9.20 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा चुकी है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें करीब साढ़े चार महीने तक स्थिर रहने के बाद 22 मार्च को बढ़ाई गई थीं। तब से 13वीं बार कीमतों में वृद्धि की गई है।