नई दिल्ली- प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के द्वारा नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में प्रदेश कार्यालय में आम महोत्सव मनाया गया। पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष कौशल मिश्रा की अगुवाई में आम महोत्सव में पूर्वांचल से लाए गए आम की विभिन्न प्रजातियों, लंगड़ा, दशहरी, केसर, मालदा, तोतापुरी,मलदही,आम्रपाली आदि का प्रदर्शन किया गया तथा इनके स्वाद का लुत्फ पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं ने उठाया। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने पक्षी उड़ाकर इस शानदार आयोजन के लिए पूर्वांचल मोर्चा की सराहना किया। इस अवसर पर वृक्षारोपण भी किया गया। उन्होंने कहा कि भारत में आम को फलों का राजा कहा जाता है तथा प्राचीन ग्रंथों में इसे कल्पवृक्ष के नाम से संदर्भित किया गया है। यह सिर्फ स्वाद में ही अच्छा नहीं होता बल्कि यह सेहत के लिए फायदेमंद भी होता है। इसमें कई तरह के विटामिन, जैसे विटामिन ए, सी और डी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसके अलावा आम फाइबर और मिनरल्स से भी भरपूर होता है। कौशल मिश्रा ने कहा कि 75 प्रतिशत आम पूर्वांचल से आता है। इसलिए इस महोत्सव का पूर्वांचल मोर्चा के द्वारा आयोजन किया जाता है। पूर्वांचल में बड़े पैमाने पर आम की बागवानी की जाती है और यहां पैदा किए गए आम विदेशों तक में मशहूर हैं। बागवानी उद्योग से लाखों लोगों को रोजगार भी मिलता है। इस मौके पर प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के प्रभारी विपिन बिहारी सिंह, मोर्चा सह-प्रभारी बृजेश राय, मोर्चा महामंत्री संतोष ओझा एवं निर्मल मिश्रा, मोर्चा उपाध्यक्ष जगदम्बा सिंह, प्रदेश मंत्री एस. राहुल एवं अभय सिंह सहित प्रदेशए जिला एवं मंडल के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।