नई दिल्ली- दिल्ली नगर निगम ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए पार्कों व नर्सियों में मच्छर प्रजनन का पता लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के अन्तर्गत पश्चिमी,दक्षिणी,नजफगढ़ व मध्य जोन के 1163 पार्कों व नर्सियों का निरीक्षण किया जिसमें से 305 स्थानों पर मच्छर प्रजनन पाया गया। विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए इन पार्कों व नर्सियों को 84 नोटिस व 65 चालान जारी किए गए। यह नोटिस और चालान दिल्ली नगर निगम,मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारी, उपनियमों 1975 के प्रावधान के अंतर्गत जारी किए गए। डीडीए पार्क मेन सागरपुर एडीडीए पार्क ओल्ड ककरोला व अन्य पार्कों का भी चालान किया गया। दिल्ली नगर निगम द्वारा ड़ेगू, मलेरिया और चिकनगुनिया नियंत्रण के लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा मच्छरजनित बीमारियों के बारे में जागरूकता विकसित करने के लिए पश्चिमी,दक्षिणी,नजफगढ़ व मध्य जोन के पार्कों व नर्सियों में 52 बैंनर व 997 स्टीकर लगाए गए और 328 हैंड बिल भी वितरित किए गए। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए जनता की भागीदारी आवश्यक है और प्रचार प्रसार के द्वारा मच्छरजनित बीमारियों पर नियंत्रण किया जा सकता है।