नई दिल्ली- दिल्ली जल बोर्ड ने अपने मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के दौरान शॉर्ट लीव देने के फैसले को वापस ले लिया है। इसे लेकर जल बोर्ड की तरफ से एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया था। जिसे कुछ घंटे बाद वापस ले लिया गया। आदेश में कहा गया था कि रमजान के दौरान हर दिन ये शॉर्ट लीव करीब दो घंटे तक की हो सकती है। डीजेबी की तरफ से जारी सर्कुलर के अनुसार दिल्ली जल बोर्ड के डीडीओ या कंट्रोलिंग ऑफिसर, मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के दौरान करीब 2 घंटे की शॉर्ट लीव दे सकते हैं। इस सर्कुलर में कहा गया है कि 3 अप्रैल से 2 मई के बीच या जिस दिन ईद-उल-फितर मनाया जाएगा उस दिन तक मुस्लिम कर्मचारियों को 2 घंटे की शॉर्ट लीव दी जा सकती है। हालांकि, इस शॉर्ट लीव के लिए एक शर्त की भी बात इस सर्कुलर में कही गई थी। इसमें कहा गया था कि ऑफिस का काम बाधित न हो इसलिए बाकी समय में उन्हें अपना काम पूरा करना होगा यानी 2 घंटे की शॉर्ट लीव से पहले मुस्लिम कर्मचारियों को अपना काम पूरा करना होगा, उसके बाद ही उन्हें छुट्टी मिल सकेगी। बता दें कि रमजान में मुस्लिम धर्म के अनुयायी रोजा रखते हैं। इस दौरान वो करीब 14 घंटे भूखे-प्यासे रहते हैं। ऐसे में मुस्लिम कर्मचारियों को राहत देने के लिए डीजेबी ने उन्हें शॉर्ट लीव देने का फैसला लिया है।