लखनऊ- बहुजन समाज पार्टी बसपा की अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को निंदनीय और शर्मनाक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।मायावती ने किए गए सिलसिलेवार ट्वीट में कहा राष्ट्रपति पद पर आदिवासी समाज की पहली महिला के रूप में द्रौपदी मुर्मू का शानदार निर्वाचन बहुत लोगों को पसंद नहीं। इसी क्रम में लोकसभा में कांग्रेस के नेता श्री अधीर रंजन चौधरी द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना अति-दु:खद, शर्मनाक और निन्दनीय है। उन्होंने चौधरी की इस टिप्पणी पर संसद में हुए हंगामे का जिक्र करते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा, इनके चौधरी द्वारा राष्ट्रपति को टीवी पर राष्ट्रपत्नी कहने का विरोध करते हुए संसद की कार्यवाही भी आज बाधित हुई है। उचित होगा कि कांग्रेस पार्टी भी इसके लिए देश से माफी माँगे तथा अपनी जातिवादी मानसिकता का परित्याग करे। गौरतलब है कि अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए कथित रूप से राष्ट्रपत्नी शब्द का इस्तेमाल किया था। इसे लेकर भाजपा सांसदों ने लोकसभा में हंगामा किया और संसद भवन परिसर में प्रदर्शन भी किया।