नई दिल्ली – आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंटीग्रल केअर एंड इंरिचमेंट फाउंडेशन के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक विशेष सेमिनार और अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में किया गया। कार्यक्रम के प्रमुख प्रायोजक ओएनजीसी, गेल इंडिया लिमिटेड और इंडियन ऑयल रहे। इस कार्यक्रम का समुचित संचालन उन्नत भारत सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. भीम सिंह, राज्यसभा सांसद रहे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला और जनमानस को प्रकृति के प्रति अपने उत्तरदायित्वों को निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. शिवशक्ति बक्शी तथा पद्मश्री श्री कल्याण सिंह रावत ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। दोनों अतिथियों ने पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। कार्यक्रम में देशभर से आए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों और संस्थाओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार न केवल उनके योगदान को मान्यता देने का माध्यम बना, बल्कि अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का कार्य करेगा। आयोजकों में अभिषेक मिश्र और सरिता बजाज की भूमिका सराहनीय रही, जिनके अथक प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने वाले विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और हरित पहलुओं पर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितों से पर्यावरण सुरक्षा हेतु संकल्प लेने के साथ हुआ।