नई दिल्ली- दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में आज निगम विद्यालय ऑडिटोरियम आरके पुरम सेक्टर-6 में महिला चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में शुगर बीपी, नेत्र, दंत, फेफड़ों एवं टीबी की जांच, मैमोग्राफी टेस्ट एवं नि:शुल्क सेनिटरी नैपकिन वितरित किए गए। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष दिल्ली विधानसभा रामवीर सिंह बिधूड़ी, संगठन महामंत्री दिल्ली भाजपा सिद्धार्थन, पूर्व निगम पार्षद राधेश्याम शर्मा,अतिरिक्त आयुक्त, स्वास्थ्य रणधीर सहाय सहित दक्षिणी निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदस्या स्थायी समिति एवं स्थानीय निगम पार्षद तुलसी जोशी ने की। इस अवसर पर तुलसी जोशी ने सभी गणमान्य अतिथियों को कबाड़ से बने हुए स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष में दक्षिणी निगम द्वारा आयोजित महिला स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन पर दक्षिणी निगम की स्थायी समिति की सदस्या एवं स्थानीय पार्षद तुलसी जोशी की प्रशंसा की। गुप्ता ने कहा कि इस वर्ष के विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम ष्हमारा ग्रह हमारा स्वास्थ्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत सुधार करते हुए विशेष कार्य किए हैं, स्वच्छ भारत मिशन के द्वारा गंदगी में पनपने वाले बैक्टीरिया की रोकथाम से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार आया हैं तथा लाखों बच्चों को मौत के मुंह में जाने से बचाया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आरंभ की गई आयुष्मान भारत योजना जिसके अंतर्गत पात्र व्यक्तियों का 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा किया जाता है, गरीब लोगों के लिए वरदान सिद्ध हुई है लेकिन दिल्ली सरकार अपनी निम्नस्तरीय की राजनीति के कारण उसे दिल्ली में लागू नहीं कर रही है जिससे दिल्ली के नागरिकों का नुकसान हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष दिल्ली विधानसभा रामवीर सिंह बिधूड़ी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महिला स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की प्रशंसा की। उन्होंनें कहा कि पिछले 2 वर्षों से दिल्ली ही नहीं पूरी दुनिया कोरोना से ग्रस्त थी। इन 2 वर्षों में निगमों ने हालात को अच्छे से संभाला। जिसके लिए निगम के कर्मचारी धन्यवाद के पात्र है। दिल्ली सरकार ने पास मेडिकल स्टाफ नहीं था और उन्होंनें अपने हाथ खड़े कर दिए थे। निगमों ने कोरोना टैस्टिंग में अग्रणी भूमिका निभाई। निगमों के डाक्टर, नर्स, डीबीसी कर्मचारी, तथा अध्यापक आदि ने दिल्ली को संभाला। सफाई कर्मचारियों ने कोरोना पीडि़तों के घरों से कूड़ा उठाया और कुछ कर्मचारी पीडि़तों की सेवा करते हुए शहीद भी हो गए।