जींद – आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने बदलाव यात्रा के दसवें दिन जींद में प्रेस वार्ता की। उनके साथ महिला सेल की प्रदेश अध्यक्ष रजनीश जैन, जिला अध्यक्ष वजीर ढांडा और सुरेंद्र राठी भी मौजूद रहे। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के अलग अलग जिलों से आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा निकली। जनता ने अपने घरों से निकल कर आम आदमी पार्टी को समर्थन किया। लोग अपने घरों से निकलकर फूलमालाओं के साथ बदलाव यात्रा का स्वागत कर रहे थे। हरियाणा में बदलाव यात्रा के साथ सत्ता परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है।उन्होंने कहा कि हरियाणा की 90 विधानसभाओं में शहरों में और गांव में बदलाव यात्रा निकली। इसका मकसद हरियाणा के अंदर अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा, जवान को नौकरी, नशा मुक्त, भय मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा का निर्माण करना है। हरियाणा की जनता के अपार समर्थन में ने भी दिखा दिया कि 2024 में हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। हजारों की संख्या में युवा आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा में शामिल हुए।उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा बेरोजगार है। प्रदेश के युवा या तो अपनी जमीन बेचकर विदेशों में पलायन कर रहे हैं, या नशे और अपराध के रास्ते पर उतरकर अपना भविष्य धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार की बिना खर्ची और पर्ची के नौकरी की घोषणा सिर्फ घोषणा ही बनकर रह गई है। प्रदेश में 2 लाख से ज्यादा पद खाली हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार के कारण नए उद्योग में नहीं आ रहे हैं और प्रदेश के युवाओं को नौकरी के नाम पर इजरायल भेजने की तैयारी है।उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा अपराध जगत में शार्प शूटर बनकर अपने भविष्य को गर्त में लेके जा रहे हैं। प्रदेश में अपराध की बात करें तो एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, 2022 में 1020 मर्डर हुए, यानी 4 मर्डर रोजाना। 1787 बलात्कार के मामले सामने आए। 180 गैंगरेप हुए और 3891 किडनैपिंग के मामले सामने आए और लूट के मामलों की गिनती ही है। प्रदेश के युवा अपराध की दुनिया के दलदल में फंसते जा रहे हैं। वहीं हरियाणा में महिलाओं के प्रति अपराध भी पहले से ज्यादा बढ़ा है। एक वर्ष में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 15 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। हरियाणा महिलाओं के प्रति यौन अपराधों के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर है।उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्कूल और कॉलेजों की हालत इतनी बदतर है कि हरियाणा के बच्चों को अभिभावक दिल्ली के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाना चाहते हैं। हाईकोर्ट के हरियाणा सरकार को फटकार लगाई और 5 लाख जुर्माना लगाया। हरियाणा सरकार ने एफिडेविट देकर बताया कि साढ़े 1500 स्कूलों में शौचालय नहीं है। इनमें 500 लड़कियों के स्कूल हैं। 500 से ज्यादा स्कूलों में बिजली के कनेक्शन नहीं हैं। 560 से ज्यादा स्कूलों में पीने का पानी तक नहीं है। शिक्षा विभाग में 70 हजार से ज्यादा पद खाली हैं। वहीं हरियाणा का शिक्षामंत्री अनपढ़ है। हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था का बेड़ा गर्क हो चुका है उन्होंने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर भी बिल्कुल खराब है। कहीं चिकित्सक नहीं हैं, कहीं डॉक्टर नहीं है। कहीं मशीनें खराब हैं। प्रदेश के अधिकतर सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, दवाइयों भी नहीं है और जनता प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने को मजबूर है। गुरुग्राम में सिविल अस्पताल को बनाने की घोषणा 5 साल पहले हुई थी, लेकिन आज तक भी एक ईंट नहीं रखी गई।उन्होंने कहा प्रदेश के निगमों के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। पूरे प्रदेश में अलग अलग विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। खट्टर सरकार ने हरियाणा को हड़ताल प्रदेश बना कर रख दिया है। प्रदेश के व्यापारी वर्ग और दुकानदार खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। रोजाना फिरौती के मामले सामने आ रहे हैं। जींद के स्कूल की घटना पर विधानसभा में जो चर्चा हुई उससे पूरा प्रदेश शर्मसार हुआ।हरियाणा के किसान की स्थिति में वही है। 2022 में आय दुगनी करने के दावे जुमले बनकर रह गए। किसान कर्ज के बोझ तले दबने को मजबूर हैं। कृषि मंत्री के गृह क्षेत्र में प्रदेश के किसानों का कर्ज तिगुना हो चुका है। आजतक किसानों को बाढ़ से खराब फसल का मुआवजा नहीं मिला। सरकार ने किसानों को न एमएसपी दिया, न किसानों की आय दुगनी हुई। प्रदेश की लाखों एकड़ फसल डूबी हुई है। इसमें बादली, रोहतक समेत कई जिलों के क्षेत्र शामिल हैं। खट्टर सरकार ने किसान वर्ग की भी कमर तोड़ने का काम किया।उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री खट्टर ने राजस्थान में गेहूं की खरीद 2700 करने की घोषणा की, स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए स्कूटी देने की घोषणा की। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि खट्टर सरकार को हरियाणा की बेटियों से नफरत है क्या ? हरियाणा की होनहार बेटियों को स्कूटी देने की घोषणा तो कभी नहीं की। वहीं हरियाणा के पलवल जिले के एक युवा का आईबी की केंद्रीय परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र लद्दाख में दे दिया गया। केंद्र सरकार और खट्टर सरकार हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार की रखना चाहती है।उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा और उभरते खिलाड़ियों के लिए कोई ठोस नीति खट्टर सरकार नहीं लेकर आई है। हरियाणा के एक भी इंटरनेशन स्टेडियम नहीं बना है। वहीं पंजाब सरकार ने स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर पॉलिसी बनाई है।जिसके तहत विलेज क्लस्टर, जिला और प्रदेश स्तर पर सरकार स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर बना रही है। वहीं पंजाब में बेसिक ट्रेनिंग पर फोकस किया जा रहा है। इसके तहत गांव में कोच और खेल एक्सपर्ट को लगाया जा रहा है।स्कूल स्तर से ही बच्चों की प्रोफेशनल ट्रेनिंग और फिटनेस पर फोकस किया जा रहा है। वहीं पंजाब सरकार की खेल पॉलिसी के अनुसार खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी भी जा रही है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बदलाव यात्रा के माध्यम से पूरे प्रदेश की जनता को दिल्ली और पंजाब की नीतियों को पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर फ्री बिजली-पानी, अच्छे स्कूल और अच्छे अस्पताल, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए मूलभूत सुविधा की नीतियां हरियाणा की जनता भी चाहती है। प्रदेश में 90 विधानसभाओं में जनता को जागरूक करने के लिए पूरे प्रदेश में आम आदमी पार्टी की यात्राओं ने जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश किया। प्रदेश में 2024 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।