नई दिल्ली- आंध्रप्रदेश–कर्नाटक सीमा पर स्थित सत्य साई ग्राम में सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट का 10वां स्थापना उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। ट्रस्ट की स्थापना वन वर्ल्ड वन फैमिली के तत्वावधान में ‘कक्षा में भूख’ समाप्त करने और शालेय विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। जो पहल प्रतिदिन मात्र 50 बच्चों को नाश्ता देने से शुरू हुई थी, वह आज एक राष्ट्रव्यापी पोषण आंदोलन बन चुकी है। समारोह में वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक एवं ट्रस्ट के मार्गदर्शक श्री मधुसूदन साई ने कहा कि एक पोषित बालक राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति है, जब हम विश्व को एक परिवार मानते हैं, तब कोई भी बालक पराया नहीं होता और उसकी भूख हमारा उत्तरदायित्व बन जाती है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर शासकीय विद्यालयों के बच्चों को साईश्योर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट वर्तमान में ‘साईश्योर’ बहु-पोषक स्वास्थ्य पेय के माध्यम से प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक शालेय विद्यार्थियों को पोषण सहयोग प्रदान कर रहा है। यह कार्यक्रम 25 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है और देश के लगभग 1.5 लाख शासकीय विद्यालयों तक पहुंच चुका है।
