नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने जहांगीरपुरी में एक बार फिर पुलिस पर पथराव किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा है कि इस इलाके की घर-घर तलाशी ली जानी चाहिए और सारे हथियार बरामद करके वहां रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने उपराज्यपाल से अनुरोध किया है कि इलाके में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों और अवैध निर्माण को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाए। बिधूड़ी ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त है। इसका सबूत यह है कि हर पल बयान देने में सबसे आगे रहने वाले आम आदमी पार्टी के नेता जहांगीरपुरी की घटना पर चुप्पी साधे हुए बैठे हैं। अभी तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत किसी भी नेता ने इन घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई करने की आवाज नहीं उठाई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरफ से इन घुसपैठियों को दिल्ली सरकार की तरफ से मुफ्त बिजली-पानी, राशन, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और सरकारी पेंशन दी जा रही है। यही नहीं,वक्फ बोर्ड की तरफ से यहां के लोगों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। बिधूड़ी ने उपराज्यपाल से अनुरोध किया है कि इन लोगों से सरकारी जमीन खाली कराई जाए जो स्कूल, अस्पताल और डिस्पेंसरी के लिए छोड़ी गई थी और उस पर इन लोगों ने कब्जा किया हुआ है। यहां हर घर की तलाशी लेने की जरूरत है क्योंकि हनुमान भक्तों पर किए गए हमले और पुलिस पर किए गए दो हमलों से साबित हो चुका है कि इनके पास बड़ी मात्रा में अवैध हथियार जमा हैं। हिंसा के दौरान इन लोगों ने तलवार से लेकर अवैध पिस्तौलों तक का खुलकर इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि इन लोगों को संरक्षण देने वाले आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया है कि दिल्ली में रह रहे लाखों बांग्लादेशियों की पहचान करने का जोरदार अभियान शुरू किया जाए। इन सभी को वापस बांग्लादेश भेजने का इंतजाम किया जाए। ये लोग दिल्ली की शांति और सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा बन रहे हैं।