गाज़ियाबाद – गाज़ियाबाद हेरिटेज रन (नाइट मैराथन) के प्रतिष्ठित मंच पर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी और फिट इंडिया एंबेसडर नरेंद्र कुमार यादव ने अपने राष्ट्रव्यापी अभियान “स्टेरॉयड-मुक्त भारत” का प्रभावशाली आगाज़ किया। राज नगर एक्सटेंशन में आयोजित इस मैराथन में हजारों धावकों की उपस्थिति के बीच उन्होंने युवाओं को कृत्रिम सप्लीमेंट्स और एनाबॉलिक स्टेरॉयड के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए प्राकृतिक फिटनेस अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान यादव ने “से नो टू स्टेरॉयड” (Say No to Steroids) पहल के तहत युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब देश की युवा शक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होगी। उन्होंने जिम संस्कृति में बढ़ते स्टेरॉयड उपयोग को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए अनुशासन, संतुलित आहार और पारंपरिक व्यायाम पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।इस अवसर पर यादव ने कहा,फिटनेस कोई शॉर्टकट नहीं, बल्कि एक साधना है। ‘मिशन फिट युवा’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को भारतीय पारंपरिक व्यायाम पद्धतियों और श्री अन्न (मिलेट्स) जैसे पौष्टिक आहार की ओर वापस लाना है। हम एक ऐसा भारत चाहते हैं जहाँ ताकत बोतलों से नहीं, बल्कि अनुशासन और सही पोषण से आए।”एक लेखक और फिट इंडिया एंबेसडर के रूप में यादव ‘लेबल लिटरेसी’ (पोषण संबंधी जानकारी को समझने) और ‘श्री अन्न’ के लाभों पर लगातार कार्य कर रहे हैं। मैराथन के दौरान उनके अभियान को प्रतिभागियों और आयोजकों से व्यापक समर्थन मिला। यह आयोजन न केवल गाज़ियाबाद की उभरती खेल संस्कृति को दर्शाता है, बल्कि ‘स्वच्छ और प्राकृतिक फिटनेस’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी बनकर उभरा है।

Leave a Reply