नई दिल्ली – नियमों की अनदेखी करने वाले के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए एनडीएमसी ने कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बने एक दुकान को सील कर दिया है । दुकान को सील किए जाने के पीछे अवैध रूप से बगैर अनुमति के गैस सिलेंडर पर चाय बनाकर बेचने के अलावा मूल आवंटित कारोबार में बदलाव किया जाना है । इस मामले को लेकर एनडीएमसी ने दुकान के ऊपर सीलिंग ऑर्डर की कॉपी चिपका दी है । बताया जा रहा है कि यह दुकान शंकर नाम के व्यक्ति के नाम पर जनरल गुड्स के नाम से आवंटित है । इस दुकान (36 ए) को शत्रुधन गुप्ता को किराए पर दे दिया है, जबकि गुप्ता का कहना है कि यह दुकान शंकर का ही है ।वहीं दूसरी ओर इस परिसर में कई दुकानों पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर पर विभिन्न प्रकार की सामग्री बना कर बेची जा रही है । जिस दुकान को सील किया गया है उसके मौजूदा मालिक का आरोप है कि मंदिर परिसर में कई दुकानें अवैध रूप से गैस सिलेंडर जला रहे हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है सिर्फ एक दुकान के खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है । उन्होंने बताया कि शनि मंदिर के ठीक सामने ब्रेड पकौड़ा बना कर बेचा जा रहा है । एक और दुकान में गैस सिलेंडर जल रहा है । एनडीएमसी के अधिकारियों को इसकी जांच करनी चाहिए । किसी एक व्यक्ति को टारगेट करना सही नहीं है । इतना ही नही बड़ी संख्या में लोग यहाँ पर अवैध तरीके से खाने पीने का सामान बेच रहे हैं लेकिन उनके खिलाफ एनडीएमसी के अधिकारी कार्यवाही नहीं करते जो गलत है । एनडीएमसी अधिकारियों को सभी दुकानदारों के साथ एक जैसा व्यवहार करना चाहिए । उन्होंने बताया कि दुकान बंद होने की वजह से भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । एआई समिट की वजह से वैसे भी कारोबार प्रभावित रहा है और अब दुकान सील होने की वजह से और अधिक नुक़सान हो रहा है ।
