नई दिल्ली- मध्य दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में रविवार शाम दो मंजिला इमारत ढहने के हादसे में घायल एक और महिला की मौत होने से इस हादसे में मारे गए लोगों की संख्या बढक़र चार हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक रविवार शाम को हुई इस घटना में घायल होने के बाद संकार बेगम (60) को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद मृतकों की संख्या बढक़र चार हो गई है। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे संकार बेगम की मौत हो गई। दो मंजिला इमारत गिरने से मारे गए तीन लोगों में उनके पति सुलेमान (75) भी शामिल थे। मरने वालों में शगुफ्ता (70) और खुशी (4) भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में संकार बेगम के अलावा आठ अन्य लोग भी घायल हुए। उनकी पहचान अमारा (45), निलोफर (50), मोहम्मद इमरान (40), सुखबीर (34), अंकित (28), अशोक (40), सैयद जीशान (30) और विपिन (30) के रूप में की गई है। सभी घायलों का लोक नायक अस्पताल में उपचार जारी है। इस सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 336 (अन्य लोगों का जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालना), 337 (अन्य लोगों का जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने के कृत्य से नुकसान पहुंचाना), 338 (अन्य लोगों का जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने के कृत्य से गंभीर नुकसान पहुंचाना) और 304 ए (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।