नई दिल्ली-केन्द्रीय कानून मंत्री किरण जिजिजू डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की 131 वीं जयंती के अवसर पर कल लातूर महाराष्ट्र में 70 फुट ऊंची प्रतिकृति स्टेच्यू ऑफ नॉलेज का अनावरण करेंगे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और राज्यमंत्री संजय बनसोडे डॉ. अम्बेडकर पर लिखित डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर व्यक्तित्व,वक्तृत्व तथा कृतित्व पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। स्टेच्यू ऑफ नॉलेज का निर्माण स्टील के ढांचे को खड़ा कर फाइबर की मदद से किया गया है। लातूर के सांसद सुधाकर तुकाराम श्रृंगारे ने बताया कि मेरे मस्तिष्क में एक और भाव उमड़ा कि मेरे गृह जनपद लातूर में बाबासाहब की ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण किया जाए। इस संकल्पना का विचार उमड़ते ही मैं उसे मूर्त रूप देने के लिए जी जान लगाकर जुट गया। बाबासाहब की असीम अनुकम्पा से महाराष्ट्र में बाबासाहब की पहली 70 फीट लंबी प्रतिकृति स्टैच्यू ऑफ नॉलेज का अनावरण उनके जन्मदिवस के अवसर पर 13 अप्रैल 2022 को लातूर के भारतरत्न बाबासाहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी पार्क में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब संविधान के निर्माता होने के साथ ही अपार ज्ञान के भंडार भी थे, इसलिए उन्होंने उनकी प्रतिमा का नाम स्टेच्यू ऑफ नॉलेज रखा है। उन्होंने कहा कि इससे देश की भावी पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर जन जयंती उत्सव समिति के बैनर तले किए जाने वाले इस भव्य समारोह के शुभ अवसर पर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर व्यक्तित्व, वक्तृत्व तथा कृतित्व पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,सहित राष्ट्र की महान विभूतियों ने बाबासाहब उनके भगीरथ कार्यों, संकल्पनाओं तथा विजन पर अपने अमूल्य विचार रखे हैं।
