नई दिल्ली- प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर प्रदेश नेतृत्व में पोस्टर लगाकर केजरीवाल की देश विरोधी मानसिकता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि दिल्ली के लगभग 200 से अधिक स्थानों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल की देश विरोधी सोच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जिसमें लगभग प्रमुख 30 स्थानों पर प्रदेश के पदाधिकारियों के नेतृत्व में पोस्टर लगाकर केजरीवाल की फुट डालो राज करो मानसिकता को उजागर किया गया। गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल जब तक इस मुद्दे पर अपना जवाब नहीं दे देते हैं तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा और अब हम हर एक मंडल स्तर पर भी जारी रहेगा और हम हर व्यक्ति को जाकर बातएंगे कि अरविंद केजरीवाल कितना बड़ा देशद्रोही है। उन्होंने कहा कि भारत का कोई भी व्यक्ति जिसको देश से थोड़ा भी लगाव हो वह भी देश को बांटने की बात नहीं कर सकता लेकिन एक संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति सत्ता की कुर्सी की लालच में खुद को स्वीट आतंकवादी कह रहा है, इससे अधिक शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। आईटीओ स्थित फुटओवर ब्रिज के पास हुए विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक दिनेश प्रताप सिंह और प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल ने कहा कि ऐसा कोई भी देश नहीं है जो अपने आपको टुकड़े में बंटना पसंद करें, लेकिन केजरीवाल जिस देश में रहते हैं उसी देश को तोडऩे की बात करते हैं जो किसी भी भारतीय को बर्दाश्त नहीं है।