नई दिल्ली- भारतीय संविधान के शिल्पी एवं भारत के लोगों की शक्ति एवं प्रेरणा, भारत रत्न बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर को उनकी जयंती के अवसर पर सांसद डॉ हर्षवर्धन और उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने निगम मुख्यालय में श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा उत्तरी दिल्ली नगर निगम के केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में डॉ हर्षवर्धन ने निगम के 185 कर्मचारियों और 40 स्वयंसेवी संगठनों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थायी समिति के अध्यक्ष जोगी राम जैन, पूर्व महापौर जय प्रकाश, पूर्वी दिल्ली की पूर्व महापौर नीमा भगत आयुक्त संजय गोयल अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महापौर अवतार सिंह ने की। इस अवसर पर सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि भीमराव रामजी अम्बेडकर को बाबासाहेब अम्बेडकर के नाम से भी जाना जाता है, वह एक महान भारतीय न्यायविद्, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाजसुधारक थे, जिन्होंने दलित बौद्ध आंदोलन को प्रेरित किया और समाज के वंचित वर्ग के प्रति सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि वह हम सभी के लिए बड़ी प्रेरणा हैं। महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि बाबासाहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर भारत के महान सपूतों में से एक थे जिन्होंने भारत के संविधान को स्वरूप देने के साथ-साथ समाज के गरीब तथा दलित वर्ग के उत्थान के लिए अथक प्रयास किया। वे समाज के वंचित वर्ग के आत्म सम्मान तथा सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष के प्रतीक बन गए। वे विद्वान होने के साथ ही कुशग्र बुद्धि एवं दूरदृश्टि रखने वाले महान व्यक्तित्व थे।
