नई दिल्ली- उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने वर्तमान वित्त वर्ष 2022-23, अप्रैल के पहले महीने के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि 1.56 मिलियन टन की तुलना में 23.08 प्रतिशत अधिक माल लोडिंग की है। अप्रैल 2022 के दौरान खाद्यान्न लोडिंग 0.67 मिलियन टन थी जो अप्रैल 2021, 0.31 मिलियन टन से 117.59 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2022 के दौरान कंटेनर लोडिंग 0.66 मिलियन टन थी जो अप्रैल 2021, 0.61 मिलियन टन की तुलना में 8.71 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2022 के दौरान अन्य वस्तुओं की लोडिंग 0.20 मिलियन टन थी जो अप्रैल 2021, 0.16 मिलियन टन की तुलना में 25.91 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2022 के दौरान अप्रैल 2021 में 267 क्रैक ट्रेन के मुकाबले 1317 क्रैक ट्रेन चलीं, यानी पिछले साल की तुलना में 393.26 प्रतिशत अधिक। इन मालगाडिय़ों को प्रारंभिक और गंतव्य के बीच बिना रुके संचालित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप माल का प्राथमिकता और तेजी से परिवहन हुआ। अप्रैल 2022 के दौरान, माल लदान से कुल कमाई 226.93 करोड़ रुपए थी जो पिछले साल अप्रैल के 192.70 करोड़ रुपए की तुलना में 17.76 प्रतिशत अधिक है। पहली बार अप्रैल 2022 के दौरान तलवंडी साबो थर्मल पावर स्टेशन से 05 फ्लाई ऐश रेक की लोडिंग की हैं। यह एक सतत यातायात है जिसे दिल्ली मंडल ने कैप्चर किया है। इस माह में सीमेंट के 12 मिनी रेक लोड किए गए हैं जो अब तक का सर्वाधिक है। दिल्ली मंडल ने बिहार के नए गंतव्यों के लिए चीनी के परिवहन को भी कैप्चर किया हैं, जो सडक़ मार्ग से परिवहन हो रहा था, जिसके अप्रैल 2022 में 3 रेक लोड किए गए हैं।