नई दिल्ली-दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के सितम से अभी राहत की उम्मीद नहीं, हालत यह है कि राजधानी में चल रही लू लोगों को झुलसा रही है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो अप्रैल माह में साल 2017 के बाद सबसे अधिक है। वहीं साल 2010 के बाद दूसरी बार अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की माने तो अप्रैल माह लंबे समय के बाद ऐसा देखा जा रहा है कि पहले 10 दिन में ही अधिकतम तापमान 42 डिग्री को पार कर गया। इससे पहले 29 अप्रैल 1941 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस संबंध में स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष व प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि लंबे समय से बारिश न होने और पश्चिम से चल रही शुष्क हवाओं के कारण दिल्ली का अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि दर्ज हो सकती है, उसके बाद हवाओं के रुख में आए बदलाव व बादल छाने के कारण गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। विभाग ने अगले तीन दिन के लिए हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग की माने तो इस बार मई के जैसा तापमान अप्रैल में ही देखने को मिल रहा है। दिल्ली में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान सीरीफोर्ट स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में दर्ज हुआ, यहां अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 26.5 पहुंच गया है।
सामान्य से 8 डिग्री अधिक रहा तापमान
राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। यह अभी तक का सबसे अधिक है। विभाग के माने तो 11 अप्रैल तक गर्मी और लू का यह दौर बरकरार रहेगा। इस दौरान तापमान 41 डिग्री से नीचे नहीं आएगा। इसके बाद 12 और 13 अप्रैल को मामूली राहत मिलेगी। तापमान 39 डिग्री के आसपास सिमट जाएगा। हालांकि यह भी सामान्य से अधिक ही होगा, लेकिन इसके बाद 14 अप्रैल को एक बार फिर तापमान 40 डिग्री को छू लेगा। मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट आरके जेनामनी के अनुसार पाकिस्तान, हरियाणा और दक्षिण राजस्थान में लंबे समय से गर्मी और लगातार अधिक तापमान का असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिल रहा है। लगातार पश्चिम से चलने वाली हवाएं दिल्ली पहुंच रही हैं। इसलिए दिल्ली में अधिकतम पारा बढ़ रहा है।