नई दिल्ली- उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत जहांगीरपुरी में बुलडोजरों ने कई ढांचों को तोड़ दिया। लेकिन, उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद कुछ ही घंटों के भीतर इस अभियान को रोक दिया गया।न्यायालय द्वारा अधिकारियों को इसे रोकने का निर्देश दिए जाने के बाद भी अतिक्रमण विरोधी अभियान कुछ समय के लिए जारी रहा। एनडीएमसी के एक अधिकारी ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर कहा कि शीर्ष अदालत से लिखित आदेश नहीं मिलने के कारण यह अभियान जारी रहा। अधिकारी ने कहा कि आदेश मिलते ही इसे रोक दिया गया। न्यायालय ने रजिस्ट्री के महासचिव को निर्देश दिया कि वह हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में विध्वंस रोकने के आदेश से एनडीएमसी के महापौर और दिल्ली पुलिस आयुक्त को तुरंत अवगत कराएं।मुख्य न्यायाधीश एन वी रमण की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुबह जहांगीरपुरी में अतिक्रमण विरोधी अभियान रोकने का आदेश दिया था। पीठ ने दंगे के आरोपियों के खिलाफ कथित तौर पर लक्षित नगर निकायों की कार्वाई को चुनौती देने वाली याचिका भी सुनवाई के लिए स्वीकार कर ली थी। शीर्ष अदालत के निर्देशों के बावजूद जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक में एक मस्जिद के पास बुलडोजर से ढांचों को तोड़ते देखा गया। एनडीएमसी का यह अभियान करीब डेढ़ घंटे तक जारी रहा। हालांकि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के मद्देनजर अभियान को रोक दिया गया है। राजा इकबाल सिंह ने कहा, हम उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन करेंगे। हमने अभियान रोक दिया है। वहां की नगर पालिका अब केवल क्षेत्र में सडक़ों पर पड़ा कूड़ा और अन्य सामान उठा रही है। इस बीच, दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाके जहांगीरपुरी में अतिक्रमण विरोधी अभियान से पहले बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। इस अभियान से पहले जहांगीरपुरी सी ब्लॉक में लोगों ने स्वेच्छा से अपना सामान सडक़ किनारे से हटा दिया। इससे पहले, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने एनडीएमसी के महापौर को जहांगीरपुरी में दंगाइयों के अवैध निर्माण की पहचान करने और बुलडोजर का उपयोग करके उन्हें ध्वस्त करने के लिए एक पत्र लिखा था।गौरतलब है कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच पथराव, आगजनी और गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। हिंसा में आठ पुलिसकर्मियों के अलावा एक स्थानीय नागरिक घायलहो गया था।
