नई दिल्ली- भाजपा दिल्ली इकाई ने आरोप लगाया कि पार्टी प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की मां और बहन को पंजाब पुलिस ने प्रताडि़त किया है। बता दें कि द कश्मीर फाइल्स फिल्म को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना करने पर पंजाब पुलिस ने बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, पंजाब पुलिस या राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और पार्टी के सांसद प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आप राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ प्रतिशोध में संलिप्त है। वर्मा ने दावा किया, एक डीसीपी  के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम बग्गा के आवास पर देर रात दो बजे पहुंची और उनकी मां और बहन को प्रताडि़त किया। बग्गा वहां से निकल चुके थे और उन्होंने चार स्थान बदले, जहां पंजाब पुलिस ने उनका पीछा किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शित करता है कि पुलिस हमारे नेताओं के फोन टैप कर रही है। पंजाब पुलिस ने आप के एक नेता की शिकायत के बाद, भडक़ाऊ  भाषण देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक भयादोहन करने के आरोपों को लेकर बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि पंजाब में आप सरकार शक्तियों का दुरूपयोग कर पुलिस का अपने हित के लिए इस्तेमाल कर रही है।बग्गा की टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उधर, दिल्ली भाजपा के एक अन्य नेता एवं मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख नवीन कुमार ने कहा कि पुलिस उनके घर भी पहुंची। दरअसल, वह भी पंजाब पुलिस की प्राथमिकी का सामना कर रहे हैं।दिल्ली के लक्ष्मीनगर में रह रहे कुमार ने अपने घर के बाहर पंजाब पुलिस के कर्मियों के खड़े रहने की तस्वीरें साझा की और कहा कि वह तब वहां नहीं थे।