पणजी-गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि महादई मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा और उनकी सरकार नदी के बहाव को मोडऩे से रोकने के लिए काम कर रही है।गोवा में विपक्षी दलों ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री सावंत का इस्तीफा मांगा था। शाह ने कहा था कि कर्नाटक और गोवा के बीच महादई नदी जल विवाद को सुलझा लिया गया है।गोवा और पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीच कई वर्षों से नदी के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद है। कर्नाटक द्वारा महादई की सहायक नदियों कलसा और बंडुरी पर बांध के निर्माण के जरिए उसके बहाव का रुख अपनी तरफ मोडऩे की योजना को लेकर गोवा और कर्नाटक में विवाद गहरा गया है। गोवा अकसर कर्नाटक पर एकतरफा तरीके से मामले में बढऩे का आरोप लगाता है। विधानसभा चुनाव की ओर बढ़ रहे कर्नाटक में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा था कि महादई नदी जल विवाद को सुलझा लिया गया है और पानी दक्षिणी राज्य को दिया गया है।सावंत ने यहां पत्रकारों से कहा कि इस मुद्दे पर उच्चतम न्यायालय में गोवा का कानूनी पक्ष मजबूत है। उन्होंने कहा, इस पर कोई समझौता नहीं होगा और सरकार महादई नदी के बहाव को मोडऩे से रोकने के लिए काम कर रही है। कर्नाटक के बेलगावी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की जन संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था, मैं आपको बताना चाहता हूं कि भाजपा ने दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से जारी विवाद को सुलझाकर कर्नाटक को महादई नदी का पानी दिया, जिससे यहां के कई जिलों के किसानों का लाभ सुनिश्चित हुआ है। इस बयान को लेकर विपक्षी दलों ने भाजपा नीत सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस, गोवा फॉरवर्ड पार्टी, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री सावंत के इस्तीफे की मांग की है।तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार को सांवत की कथित चुप्पी पर सवाल उठाया और शाह की टिप्पणी पर भाजपा एवं राज्य सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की। तृणमूल कांग्रेस के गोवा समन्वयक समील वलवइकर ने कहा कि सावंत को रुख तय करना चाहिए खासतौर पर शाह के बयान के बाद जिसमें उन्होंने कहा था कि महादई नदी का पानी मोड़ा जाएगा और गोवा सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। उन्होंने आरोप लगाया, केंद्र और गोवा की भाजपा सरकार ने मां महादई, हमारी जीवन रेखा को आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बेच दिया है। वलवइकर ने आरोप लगाया और आश्चर्य व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महज एक दिन पहले मन की बात कार्यक्रम में अहम महादई नदी मुद्दे का उल्लेख क्यों नहीं किया। तृणमूल कांग्रेस की गोवा इकाई के महासचिव राखी प्रभुदेसाई नाइक ने भाजपा और राज्य सरकार से इस मुद्दे पर रुख स्पष्ट करने की मांग की। नाइक ने आरोप लगाया, अमित शाह ने उल्लेख किया कि पानी मोड़ा जाएगा और गोवा सरकार ने इसपर सहमति दे दी है। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि झूठ कौन बोल रहा है, शाह या सावंत। इनमें से कोई एक महादई नदी के मुद्दे पर झूठ बोल रहा है।