लखनऊ- समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ के एक पदाधिकारी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय के बाहर सपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सीआरपीसी की धारा-144 के उल्लंघन के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लखनऊ पुलिस आयुक्तालय के सुशांत गोल्फ सिटी थाना के प्रभारी निरीक्षक एसएचओ शैलेंद्र गिरी ने बताया कि सीआरपीसी की धारा-144 गैरकानूनी सभा पर रोक लगाने के उल्लंघन के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 188 सरकारी अफसर के आदेश का उल्लंघन के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामला रविवार देर रात दर्ज किया गया। सपा नेता नेता मनीष जगन अग्रवाल को सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने के आरोपों में रविवार सुबह लखनऊ के हजरतगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया। भाजपा युवा शाखा के एक पदाधिकारी की शिकायत पर सपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव राज्य पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। उनके साथ सपा के कार्यकर्ता भी अग्रवाल की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर मुख्यालय के बाहर जमा हो गए। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति रही।