नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने एकबार फिर उज्जैन लोकसभा सीट से उम्मीदवार का फैसला टाल दिया है। उज्जैन मुख्यमंत्री मोहन यादव का गृहनगर है। जहां से मुख्यमंत्री अपने नजदीकी प्रभुलाल जाटवा की पैरवी कर रहे हैं। वही प्रदेश अध्यक्ष वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया की पैरवी में जुटे हैं। मगर केंद्रीय नेतृत्व उज्जैन लोकसभा सीट से इस बार किसी महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रहा है। केंद्रीय नेतृत्व के संकेत के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रीना जाटवा और डॉक्टर बरखा वर्मा के नाम की सिफारिश की है। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष पुष्पा चौहान और मीना जौनवाल की पैरवी कर रहे हैं। बीजेपी का राष्ट्रीय नेतृत्व उज्जैन लोकसभा सीट को महिला उम्मीदवार के अनुकूल मान रहा है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष व्दारा जिन महिला उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश की जा रही है वह प्रदेश संगठन में अहम पदों पर रही हैं। सूत्रों का कहना हैं कि उज्जैन लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय नेतृत्व वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नजदीकी प्रभुलाल जाटवा के साथ ही रीना जाटवा, पुष्पा चौहान, ड़ॉ.बरखा वर्मा और मीना जौनवाल के नामों पर गंभीरता से मंथन कर रहा हैं। उज्जैन मध्य प्रदेश के मालवा अंचल की सबसे अहम लोकसभा सीट मानी जाती है। लिहाजा बीजेपी सभी परिस्थितियों को देखकर उम्मीदवार के नाम पर मंथन कर रही है।