नई दिल्ली – असम के बाथौ धर्मोन्नायक गणेश दैमारि को 2025 के 12th कर्मयोगी अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान शुक्रवार को दिल्ली में प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार समारोह 17 अक्टूबर को डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जहाँ श्री दैमारी को प्रशस्ति पत्र के साथ ₹1 लाख का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख माननीय श्री रामलाल जी और जनजातीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। सामाजिक संगठन ‘माय होम इंडिया’ द्वारा प्रतिवर्ष दिया जानेवाला यह सम्मान किसी ऐसे व्यक्ति को दिया जाता है, जो पूर्वोत्तर के राज्यों में सामाजिक एकता एवं धर्मोन्नयन के लिए कार्य कर रहा हो। इसी श्रृंखला में इस वर्ष ऑल बाथौ महासभा के महासचिव गणेश दैमारि का चयन किया गया है। ‘माय होम इंडिया’ के संस्थापक एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेता सुनील देवधर के अनुसार छात्र राजनीति से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे 46 वर्षीय गणेश दैमारि पूर्वोत्तर के राज्यों में संख्या की दृष्टि से सबसे बड़ी बोडो जनजाति से आते हैं। बोडो समाज द्वारा माने जानेवाले प्रकृति पूजक बाथौ धर्म से जुड़े लोगों के धार्मिक-सामाजिक-शैक्षणिक-सांस्कृतिक एवं आर्थिक उन्नयन के लिए काम करते आ रहे गणेश दैमारि के अथक प्रयासों से कभी इस समाज में बड़े पैमाने पर हो रहे धर्मांतरण पर भी रोक लगी है। समाज को धार्मिक रूप से संगठित करने के प्रयास में तेजी आई है। बच्चों की शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में न सिर्फ स्कूल खोले जा रहे हैं, बल्कि लोगों को संगठित करने के लिए बड़ी संख्या में बाथौ धर्म के मंदिर भी बनाए जा रहे हैं। सामाजिक कार्यों के लिए अथक परिश्रम करते आ रहे गणेश दैमारि के समर्पण को देखते हुए ऑल बाथौ महासभा ने अपने संविधान में परिवर्तन कर उन्हें लगातार तीसरी बार महासचिव का दायित्व सौंपा है। वह समाज एवं सरकारों के बीच सेतु की भूमिक निभाते हुए समाज के युवाओं-महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके बीच कौशल विकास को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

Leave a Reply