गुजरात- कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लीमीन एआईएमआईएम की सेंधमारी के बावजूद गुजरात विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद शहर की मुस्लिम-दलित बहुल विधानसभा सीट दाणीलीमडा जीत ली। कांग्रेस के शैलेष परमार ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी नरेशभाई व्यास को 13,525 मतों से पराजित किया है। निर्वाचन आयोग के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक, शैलेष परमार को 68,906 वोट मिले जबकि व्यास 55,381 मत ही हासिल कर पाए। वहीं आप के सोम कपाडय़िा ने 22,934 और एआईएमआईएम के कौशिका परमार ने 2464 वोट हासिल किए।दाणीलीमडा सीट 2012 में किए गए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। इस बार भाजपा और कांग्रेस के लिए सीट पर कब्जा करना प्रतिष्ठा का मामला बन गया था। भाजपा ने यह सीट कभी नहीं जीती है और उसने दाणीलीमडा पर अपनी विजय पताका लहराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी। आप के आने के बाद त्रिकोणीय मुकाबला होने के बावजूद कांग्रेस दाणीलीमडा फतह करने में कामयाब रही। यह अनुसूचित जाति एससी के लिए आरक्षित हैं और सीट में करीब 2,65000 मतदाता हैं। इनमें से हर तीसरा शख्स मुस्लिम और दलित है। शेष पटेल और क्षत्रिय समुदाय के लोग हैं। शैलेष परमार मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता भी हैं। उन्होंने 2012 से ही इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा हुआ है। वह 2012 में करीब 32,000 और 2017 में तकरीबन 14,000 मतों से जीते थे।