नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर बहुत ही गैरजिम्मेदाराना और बचकाना व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि आप नेता लोगों को भाजपा मुख्यालय और गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर बुलडोजर से हमला करने के लिए उकसा रहे हैं। यह गैरजिम्मेदाराना होने के साथ-साथ गैरकानूनी भी है। आप नेता अपनी इस गिरी हुई हरकत के लिए पूरे देश से माफी मांगें। बिधूड़ी ने कहा कि जहांगीरपुरी में अवैध कब्जों के खिलाफ  चलाए गए अभियान पर जिस तरह आप नेताओं को दर्द हुआ है, उससे साफ  पता चल जाता है कि वे वोट बैंक की राजनीति के लिए किस कदर गिर सकते हैं। यहां तक कि वे लोगों को उकसा रहे हैं कि अगर अवैध कब्जों पर बुलडोजर चल रहा है तो वे बदला लेने के लिए भाजपा मुख्यालय पर बुलडोजर चला दें और गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर बुलडोजर से हमला कर दें। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इसके लिए न केवल खुलेआम बयान दिए हैं बल्कि सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाए हैं। इसके सारे सबूत मौजूद हैं। बिधूड़ी ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब आम आदमी पार्टी के नेता इस तरह समाजविरोधी तत्वों के साथ आकर खड़े हुए हैं। आप सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को दिल्ली में मुफ्त बिजली-पानी, बस यात्रा, पेंशन जैसी सभी सुविधाएं मुहैया कराती है। वे हनुमानभक्तों पर गोली और तलवार चलाते हैं तो आम आदमी पार्टी के नेताओं के मुख से निंदा का एक शब्द भी नहीं निकलता लेकिन जब उनके खिलाफ  कानून सम्मत कार्रवाई होती है तो आप वाले मोटे-मोटे आंसू बहाने लगते हैं। इससे पहले भी आम आदमी पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठा चुकी है। जेएनयू के टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन आम आदमी पार्टी ने बड़ी ही बेशर्मी से किया था। शाहीन बाग में राष्ट्रविरोधी नारों का भी आम आदमी ने खुलेआम समर्थन किया था। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से लेकर जहांगीपुरी के दंगों में आम आदमी पार्टी के नेता ही शामिल नजर आते हैं। नेता प्रतिपक्ष ने पूछा है कि आम आदमी पार्टी के क्या ये सभी कृत्य देश के साथ गद्दारी नहीं हैं। अब तो उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा मुख्यालय पर हमला करने के लिए उकसाने जैसा घटिया काम भी कर दिया है। इसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि वोट की राजनीति के लिए भारतीय लोकतंत्र में इतना नीचे गिरने का कोई और उदाहरण नहीं मिलता।