दिल्ली में जुड़े 1,03,610 नए मतदाता

नई दिल्ली- दिल्ली की मतदाता सूची में 1,03,610 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि देखी गई, जिसमें 50,562 पुरुष मतदाता, 52,964 महिला मतदाता और 84 ट्रांस जेंडर मतदाता शामिल हैं। इतना ही नहीं अंतिम मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाताओं का लिंग अनुपात बढक़र 831 हो गया है, जो सभी के लिए अधिक समान अवसरों की दिशा में प्रगति का संकेत है। यह कहना है दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह का। बुधवार को इस बाबत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में अंतिम तिथि के रूप में 01 जनवरी 2022 के साथ मतदाता सूची का विशेष सारांश संशोधन मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ पूरा हो गया है। इस अवधि के दौरान, जनवरी 2021 में प्रकाशित पिछले रोल की तुलना में जनवरी 2022 में 50,562 पुरुष, 52,964 महिला और 84 तीसरे जेंडर मतदाताओं सहित 1,03,610 मतदाताओं की उल्लेखनीय शुद्ध वृद्धि हुई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह वृद्धि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के वोट को ध्यान में रखते हुए एक प्रभावी लोकतंत्र के लिए फायदेमंद साबित होगी। इसके साथ ही जारी की गई अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 1,48,99,159 है, जिसमें 81,38,593 पुरुष, 67,59,534 महिला और 1,032 तीसरे जेंडर मतदाता हैं। डॉ. रणबीर सिंह के अनुसार तीसरे जेंडर के मतदाताओं की संख्या में वृद्धि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय द्वारा अधिक से अधिक मतदाताओं को नामांकित करने की प्रक्रिया का समर्थन करने और मतदाता सूची में उनके कम प्रतिनिधित्व के मुद्दे को संबोधित करने के लिए किए गए गहन प्रयासों के लाभों को भी प्रदर्शित करती है। उन्होंने बताया कि जनता की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों की संख्या 13789 से बढक़र 13820 हो गई है। जिससे मतदाताओं को मतदान केंद्रो में सुगमता से वोट डाल सकेंगे।