देश भर में बढ़ती कमरतोड़ महंगाई व सांसदों के निलंबन के खिलाफ मंगलवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया।  इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि महंगाई से देश में हाहाकार मचा है, और मोदी सरकार जेबकतरी सरकार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर के मुकाबले नवंबर में खुदरा महंगाई 4.48 प्रतिशत से बढक़र 4.91 प्रतिशत पर पहुंच गई। फल से लेकर सब्जियों तक सबकी कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। आम आदमी की जिंदगी महंगाई के दलदल में फंस कर लगातार मुश्किल होती जा रही है। श्रीनिवास ने कहा कि भाजपा निर्मित महंगाई जनता पर कहर बरपा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर जनता की पहुंच से दूर होता जा रहा है। प्रधानमंत्री अपने मित्रों के लिए अच्छे दिन लाए हैं और जनता को सिर्फ महंगे दिन थमाए हैं और अब इन महंगे दिन का जनता हिसाब लेगी। देश पीएम मोदी और उनकी सरकार के झूठ और जुमलों से तंग आ चुका है। जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाकर और भारी टैक्स वसूल कर सरकार, अपना खजाना भर रही है फिर भी देश का कर्ज बढ़ रहा है। देशवासियों को यह बात समझ नहीं आ रही है कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है। मेक इन इंडिया का नारा लगाने वाली सरकार के दौरान 2014 से नवंबर 2021 के दौरान 2,783 कंपनियों ने अपना कारोबार समेट लिया है। यह जानकारी खुद सरकार ने लोकसभा में दी है। केंद्र सरकार की सभी नीतियां एक जुमला बन कर रह गई है। वहीं, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रजातंत्र की परिभाषा ही बदल दी है। मोदी सरकार की लूटनीति ने देश की जनता को तोहफे में महंगाई दी है। मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ा कर जनता को लूट रही है। अनेकों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता ने पेट्रोलियम मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन में हिस्सा लिया और अपनी आवाज बुलंद की। इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अमरप्रीत सिंह लाली, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव, राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी खुशबू शर्मा, राष्ट्रीय सचिव मुकेश कुमार, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष रणविजय सिंह लोचव समेत अनेकों युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।