कांग्रेस से पूर्व पार्षद अजित यादव और समाज सेवी शहनाज सोमवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने दोनों का पार्टी में स्वागत किया। बादली से ‘आप’ विधायक अजेश यादव ने टोपी और पटका पहनाकर सभी को पार्टी में शामिल किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी से आजादपुर मंडी के चेयरमैन आदिल खान भी मौजूद रहे। आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा कि लोगों का प्रेम और विश्वास आम आदमी पार्टी पर बढ़ता जा रहा है। इसी के तहत केजरीवाल सरकार की नीतियों और दिल्ली विकास मॉडल से प्रभावित होकर हर क्षेत्र से भारी संख्या में लोग ‘आप’ परिवार में शामिल हो रहे हैं। उसी श्रृंखला में कांग्रेस से अजित यादव आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। अजित यादव दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रह चुके हैं। वह भलस्वा से 2012-2017 में निगम पार्षद रह चुके हैं। साथ ही वह यादव ट्रस्ट नजफगढ़, यादव धर्मशाला हरिद्वार और यादव धर्मशाला वृंदावन के ट्रस्टी हैं। वहीं शहनाज एक समाजसेवी हैं। मैं दोनों का आम आदमी पार्टी में हार्दिक स्वागत करता हूं।