चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आप पहली बार चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में उतरी थी और भाजपा के गढ़ रहे चंडीगढ़ नगर निगम की 14 वार्डों में जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सभी विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी की यह जीत पंजाब में आने वाले बदलाव का संकेत है। चंडीगढ़ के लोगों ने आज भ्रष्ट राजनीति को नकारते हुए ‘आप’ की ईमानदार राजनीति को चुना है। वहीं, इस जीत से उत्साहित आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर जश्न मनाया। पार्टी मुख्यालय पर सुबह से ही कार्यकर्ता जुटने शुरू हो गए थे। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ती गई और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित हो गई, वैसे-वैसे पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा होती गई। पार्टी मुख्यालय में ढोल-नगाड़े की थाप पर कार्यकर्ता जमकर झूमे और खुशी का इजहार किए। कार्यकर्ताओं ने इस जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कुशल निर्देशन में दिल्ली एमसीडी में भी अब आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की पूरी उम्मीद जताई। उधर, इस जीत पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह जीत संकेत है कि अगर विकल्प हो, तो लोग ‘ईमानदारी और काम करने वाली राजनीति’ को मौका देना चाहते हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी अब राष्ट्रीय स्तर पर भी एक विकल्प बन कर उभरी है। दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर चर्चा है कि चंडीगढ़ के बाद दिल्ली एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी का परचम लहराएगा। आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम से चली जीत की यह लहर दिल्ली नगर निगम तक पहुंचेगी।
चंडीगढ़ के बाद दिल्ली एमसीडी में भी लहराएगा आप का परचम
चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत के बाद सोशल मीडिया पर दिल्ली नगर निगम चुनाव भी सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर अगले कुछ महीने में होने वाले दिल्ली नगर निगम के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा चल रही है कि चंडीगढ़ के बाद दिल्ली एमसीडी पर भी आप का परचम लहराएगा। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग चंडीगढ़ में हुई जीत पर आम आदमी पार्टी को बधाई दे रहे हैं। इस संबंध में आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक का कहना है कि चंडीगढ़ नगर निगम से चली जीत की यह लहर दिल्ली नगर निगम तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता एमसीडी में बैठी भाजपा के भ्रष्टाचार से परेशान हो चुकी है। अब दिल्ली की जनता एमसीडी में भी आप की सरकार चाहती है और इस बार के चुनाव में दिल्ली की जनता भाजपा को एमसीडी से उखाड़ फेंकेगी।