राजधानी में बढ़ेगा प्रदूषण का स्तर
नई दिल्ली। उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के साथ चल रही ठंडी हवाओं से दिल्ली का तापमान गिर रहा है। वहीं, सुबह और शाम के समय मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार ठंडी हवाओं के कारण के कारण आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होगी। सुबह के समय घना कोहरा भी छाए रहने की उम्मीद है। संभावना है कि 16 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान गिरकर 6-7 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार ठंड के साथ दिल्ली में प्रदूषण स्तर बढ़ रहा है। शुक्रवार को दिल्ली में प्रदूषण स्तर 250 के करीब रहा। हालांकि, दिल्ली  प्रदूषण नियंत्रण समिति का कहना है कि दिन में धूप खिलने के कारण स्तर में तेजी से गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन देर शाम ठंड बढ़ते ही प्रदूषण स्तर में फिर बढ़त दर्ज की गई। समिति के अनुसार शाम को दिल्ली के अधिकतर जगहों पर प्रदूषण स्तर 400 के स्तर को पार कर गया। समिति के अनुसार पूठ खुर्द, बवाना में प्रदूषण स्तर 437, नेहरू नगर में 396 दर्ज हुआ। वहीं, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज, मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम, पटपडग़ंज, विवेक विहार, सोनिया विहार, नरेला, नजफगढ़, रोहिणी, ओखला फेज-2, अशोक विहार, वजीरपुर, जहांगीरपुरी, द्वारका, सेक्टर 8, अलीपुर, पूसा, श्री अंरिबिंदो मार्ग, मुंडका, आनंद विहार, पंजाबी बाग सहित अन्य जगहों पर प्रदूषण स्तर 200 से 300 के करीब दर्ज किया गया।