नई दिल्ली- आप संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सभी व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देने का भरोसा दिया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी इंस्पेक्टर राज खत्म कर व्यपारियों को अच्छा माहौल देंगे। एक मौका हमें देकर देखो। हम पांच साल में दिल्ली के व्यापारियों की तरह आपका भी दिल जीत लेंगे। हम सारे झूठे पर्चे रद्द कर पर्चा राज खत्म करेंगे और व्यापारी ईमानदारी से काम कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब का व्यापारी बहुत डरा हुआ है और पंजाब को छोड़कर बाहर जा रहा है। व्यापारियों से गुंडा टैक्स समेत कई नाम से फिरौती ली जाती है। हम इसे बंद कर उनके मन से डर निकालेंगे। अभी तक व्यापारियों से हिस्सा मांगा जाता था, लेकिन हमारी सरकार में व्यापारियों को हिस्सेदारी दी जाएगी। केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि पंजाब में हुई घटनाओं के मास्टरमाइंड से कांग्रेस मिली हुई है। ऐसा न होता तो, कांग्रेस ने जांच क्यों नहीं कराई पंजाब में केवल आम आदमी पार्टी की सरकार ही शांति व भाई-चारा कायम करने वाली सरकार दे सकती है।